NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 16 अव्यय Question And Answers

NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 16 अव्यय Question And Answers

NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 16 अव्यय 16.1 अव्यय की परिभाषा

जिन शब्दों में लिंग, वचन और काल के कारण परिवर्तन नहीं होता है, वे अव्यय कहलाते हैं; जैसे-

  • लड़की पेड़ के नीचे खड़ी है।
  • लड़का पेड़ के नीचे खड़ा है।
  • लड़के पेड़ के नीचे खड़े हैं।
  • लड़का पेड़ के नीचे खड़ा होगा।

‘उपरोक्त वाक्यों में क्रिया और संज्ञा शब्द लिंग तथा वचन के प्रभाव से परिवर्तित हो रहे हैं, किंतु ‘के नीचे’ शब्द में कोई परिवर्तन नहीं हो रहा है। अतः ‘के नीचे’ अव्यय है।

अव्यय के भेद अव्यय के चार भेद हैं

  1. क्रियाविशेषण
  2. संबंधबोधक
  3. समुच्चयबोधक
  4. विस्मयादिबोधक

Read and Learn More Class 6 Hindi Question and Answers

1. क्रियाविशेषण वे शब्द, जो क्रिया की विशेषता बताते हैं, उन्हें क्रियाविशेषण कहते हैं; जैसे-

  • आज वह बहुत खेला।
  • एकाएक वर्षा होने लगी।

उपरोक्त वाक्यों में बहुत, एकाएक शब्द क्रिया की विशेषता बता रहे हैं, अतः ये क्रियाविशेषण हैं।

क्रिया विशेषण के मुख्यतः चार भेद हैं

  1. रीतिवाचक क्रियाविशेषण वे शब्द, जो क्रिया के होने का ढंग या रीति बताते हैं, उन्हें रीतिवाचक क्रियाविशेषण कहते हैं; जैसे-जल्दी-जल्दी, ध्यानपूर्वक, सावधानीपूर्वक, सहसा, धड़ाधड़ सुखपूर्वक, झटपट, अचानक, एकाएक शीघ्रता से, जैसे-जैसे, प्रेमपूर्वक, नियमपूर्वक, शांतिपूर्वक, कठोरता से प्यार से आदि।
    • सबसे मीठा बोलो।
    • अपना काम ध्यान से करो।
  2. कालवाचक क्रियाविशेषण जो अविकारी शब्द क्रिया के होने का समय बताते हैं, उन्हें कालवाचक क्रियाविशेषण कहते हैं; जैसे-आज, कल, परसों, अभी, अब तक, जब कभी, बाद में, पहले, रोज, हमेशा, सर्वदा, प्रायः, अकसर तुरंत, प्रातः आदि।
    • मैं कभी-कभी सैर करने जाती हूँ।
    • सुजाता प्रतिदिन टेनिस खेलती है।
  3. स्थानवाचक क्रियाविशेषण वे शब्द, जो क्रिया के होने के स्थान की जानकारी देते हैं, उन्हें स्थानवाचक क्रियाविशेषण कहते हैं; जैसे- यहाँ, वहाँ, इधर उधर जिधर उधर आगे पीछे, दाएँ, बाएँ, अंदर, बाहर, दूर, पास, ऊपर, नीचे, आस, पास, सर्वत्र आदि ।
    • जिधर देखो उधर लोग ही लोग हैं।
    • बच्चा सीढ़ियों से ऊपर चढ़ गया।
  4. परिमाणवाचक क्रियाविशेषण वे शब्द जो क्रिया की मात्रा या परिमाण बताते हैं, उन्हें परिमाणवाचक क्रियाविशेषण कहते हैं; जैसे- बहुत कम, ज्यादा-थोड़ा अधिक अत्यधिक खूब पर्याप्त, केवल जरा-सा या लगभग आदि।
    • ज्यादा मत बोलो।
    • गणित में आशीष को अधिक अंक मिले।

2. संबंधबोधक वे शब्द, जो वाक्य में प्रयुक्त संज्ञा या सर्वनाम का संबंध वाक्य के अन्य शब्दों से जोड़ते हैं, उन्हें संबंधबोधक कहते हैं; जैसे-

हमारे घर के पीछे आम का पेड़ है। पेड़ के ऊपर पक्षी बैठे हैं। संबंधबोधक शब्द प्रायः ‘के’ या ‘से’ परसर्ग से शुरू होते हैं। कुछ संबंधबोधक शब्द निम्न प्रकार हैं

NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 16 अव्यय Question And Answers संबंधबोधक

संबंधबोधक तथा क्रियाविशेषण में अंतर

  • कुछ अविकारी शब्दों का प्रयोग संबंधबोधक तथा क्रियाविशेषण दोनों की तरह होता है। इनको पहचानने के लिए ध्यान रखें कि जब ये संज्ञा या सर्वनाम के साथ हों, तो संबंधबोधक होते हैं और जब क्रिया की विशेषता बताएँ, तो क्रियाविशेषण होते हैं।
  • संबंधबोधक शब्द से पहले कारक चिह्न (के, से आदि) होते हैं, जबकि क्रियाविशेषण शब्द बताते हैं कि क्रिया कब, कहाँ, कैसे और कितनी हुई
  • संबंधबोधक शब्दों से पूर्व कारक चिह्न लगा होता है, परंतु क्रियाविशेषण से पहले कोई कारक चिह्न नहीं लगता।

संबंधबोधक

  1. रजत कमरे के बाहर खड़ा है।
  2. मेरे विद्यालय के सामने एक डाकघर है।

क्रियाविशेषण

  1. रजत बाहर खड़ा है।
  2. सामने डाकघर है।

3. समुच्चयबोधक दो या दो से अधिक शब्दों, वाक्यांशों तथा वाक्यों को जोड़ने वाले शब्द समुच्चयबोधक या योजक कहलाते हैं; जैसे-

  • सचिन और सुनील भाई हैं।
  • पिताजी ने कहा कि मन लगाकर पढ़ा करो।

समुच्चयबोधक के दो भेद हैं

  1. समानाधिकरण समुच्चयबोधक जो समुच्चयबोधक दो या दो से अधिक समान पदों, पदबंधों या उपवाक्यों को जोड़ते हैं, उन्हें समानाधिकरण समुच्चयबोधक कहते हैं; जैसे-या, परंतु, किंतु, अथवा, और, लेकिन आदि।
    • कविता या सुनीता खेलेंगी।
    • रवि ने परिश्रम किया, परंतु हार गया।
  2. व्यधिकरण समुच्चयबोधक जो समुच्चयबोधक किसी वाक्य के आश्रित उपवाक्यों को प्रधान वाक्य से जोड़ते हैं, उन्हें व्यधिकरण समुच्चयबोधक कहते हैं; जैसे कि, क्योंकि, ताकि, जबकि, हालाँकि, इसलिए, तथापि आदि।
    • गाँधीजी ने कहा कि करो या मरो ।
    • मैंने बाजार से सब्जी खरीदी क्योंकि मेहमान आने वाले हैं।

4. विस्मयादिबोधक हर्ष, शोक, घृणा आदि मनोभावों को व्यक्त करने वाले शब्दों को विस्मयादिबोधक कहते हैं; जैसे- वाह!, हाय!, ओह!, उफ!, बाप रे!, शाबाश! अहा!, छि ! धिक् ! अरे ! आदि। इन्हें लिखते समय विस्मयादिबोधक का चिह्न ( ! ) लगाया जाता है।

  • वाह! तुमने तो कमाल कर दिया।
  • छिः ! ऐसा नहीं कहते

NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 16 अव्यय अभ्यास प्रश्न (बहुविकल्पीय व वर्णनात्मक प्रश्नों सहित)

प्रश्न 1. निम्नलिखित प्रश्नों के दिए गए विकल्पों में से सही विकल्प छाँटिए

1. अव्यय के भेद होते हैं

(क) छः
(ख) चार
(ग) तीन
(घ) सात

उत्तर: (ख) चार

2. निम्न वाक्य किस अव्यय से पूरा होगा? आज धन ________कोई नहीं पूछता।

(क) साथ
(ख) के बिना
(ग) तक को
(घ) कहाँ

उत्तर: (ख) के बिना

3. क्रियाविशेषण किसकी विशेषता बताते हैं?

(क) सर्वनाम की
(ख) क्रिया की
(ग) संज्ञा की
(घ) विशेषण की

उत्तर: (ख) क्रिया की

4. इनमें से कौन-सा रीतिवाचक क्रियाविशेषण है?

(क) सरपट
(ख) के बाद
(ग) के ऊपर
(घ) प्रतिदिन

उत्तर: (क) सरपट

5. निम्न में से कौन-सा शब्द क्रियाविशेषण है?

(क) तेज.
(ख) पहला
(ग) बुद्धिमान
(घ) मीठा

उत्तर: (क) तेज.

6. इनमें से कौन-सा संबंधबोधक अव्यय है?

(क) के बाद
(ख) और
(ग) अरे
(घ) धीरे-धीरे

उत्तर: (क) के बाद

7. इनमें से कौन-सा शब्द समुच्चयबोधक अव्यय है?

(क) सहसा
(ख) परंतु
(ग) शाबाश
(घ) अरे

उत्तर: (ख) परंतु

8. इनमें से कौन-सा विस्मयादिबोधक अव्यय नहीं है?

(क) वाह!
(ख) हाय!
(ग) तथा!
(घ) अरे!

उत्तर: (ग) तथा!

प्रश्न 2. निम्नलिखित वाक्यों में क्रियाविशेषण के किस भेद का प्रयोग हुआ है? सही विकल्प का चयन कीजिए

1. राजू से कहो कि वह उधर न देखे ।

(क) परिमाणवाचक
(ख) स्थानवाचक
(ग) कालवाचक

उत्तर: (ख) स्थानवाचक

2. वह सदैव प्रथम आता है।

(क) कालवाचक
(ख) रीतिवाचक
(ग) परिमाणवाचक

उत्तर: (क) कालवाचक

3. कछुआ धीरे-धीरे चलता है।

(क) स्थानवाचक
(ख) परिमाणवाचक
(ग) रीतिवाचक

उत्तर: (ग) रीतिवाचक

4. उसने समारोह में खूब खाया।

(क) परिमाणवाचक
(ख) कालवाचक
(ग) रीतिवाचक

उत्तर: (क) परिमाणवाचक

प्रश्न 3. निम्नलिखित में संबंधबोधक के सही विकल्प का चयन कीजिए

1. राम ________ ‘कौन खड़ा है?

(क) के बाहर
(ख) के कारण
(ग) के समीप

उत्तर: (ग) के समीप

2. मैंने यह कार्य अध्यापक ________ किया है।

(क) के अनुसार
(ख) के बाहर
(ग) के ऊपर

उत्तर: (क) के अनुसार

3. मैं अभी स्कूल ____ ‘खड़ा हूँ।

(क) के अंदर
(ख) के साथ
(ग) के नीचे

उत्तर: (क) के अंदर

4. मैं मनु ______ जाऊँगी।

(क) के बाहर
(ख) के साथ
(ग) के ऊपर

उत्तर: (ख) के साथ

प्रश्न 4. नीचे लिखे वाक्यों में से क्रियाविशेषण छाँटकर उनके भेद भी लिखिए

(क) वह अब यहाँ नहीं रहता ।

उत्तर: यहाँ, स्थानवाचक क्रियाविशेषण

(ख) राधा दिनभर पढ़ती रहती है।

उत्तर: दिनभर कालवाचक

(ग) तुम्हें यह कार्य ध्यानपूर्वक करना चाहिए।

उत्तर: ध्यानपूर्वक, रीतिवाचक

(घ) तुम्हारे लिए इतना भोजन पर्याप्त है।

उत्तर: पर्याप्त परिमाणवाचक

प्रश्न 5. नीचे लिखे वाक्यों के रिक्त स्थानों की पूर्ति उचित संबंधबोधक शब्दों से कीजिए

(के समीप , से बड़ा, के पीछे, के बाहर)

(क) अरुण मोहन ________ खड़ा है।

उत्तर: के समीप

(ख) हमारे विद्यालय ________ एक खुला मैदान है।

उत्तर: के पीछे

(ग) मेरा मित्र मुझ __________ है।

उत्तर: से बड़ा

(घ) हाथी घर ___________ खड़ा है।

उत्तर: के बाहर

प्रश्न 6. सही उत्तर की पहचान कीजिए

(क) रजनी नीचे खड़ी है। (संबंधबोधक / क्रियाविशेषण)

उत्तर: क्रियाविशेषण

(ख) छत के ऊपर बंदर बैठा है। (संबंधबोधक / क्रियाविशेषण)

उत्तर: संबंधबोधक

(ग) मेरी घड़ी के अनुसार चार बजे हैं।(संबंधबोधक / क्रियाविशेषण)

उत्तर: संबंधबोधक

(घ) कामिनी पीछे बैठी है। (संबंधबोधक / क्रियाविशेषण)

उत्तर: क्रियाविशेषण

(ङ) रचना की तरह संजना भी परिश्रमी है ( (क्रियाविशेषण/ संबंधबोधक)

उत्तर: संबंधबोधक

प्रश्न 7. दिए गए वाक्यों से समुच्चयबोधक अव्यय छाँटिए और यह भी बताइए कि वे समानाधिकरण हैं या व्यधिकरण?

(क) राधा और ललिता दोनों सहेली हैं।

उत्तर: और, समानाधिकरण

(ख) अरुण बीमार था इसलिए दफ्तर नहीं गया।

उत्तर: इसलिए, व्यधिकरण

(ग) या तो राम को बुलाओ या कैलाश को ।

उत्तर: या, समानाधिकरण

(घ) मैं कई दिन से दिल्ली में था, क्योंकि वहाँ मुझे कुछ काम था ।

उत्तर: क्योंकि, व्यधिकरण?

प्रश्न 8. नीचे लिखे वाक्यों में से विस्मयादिबोधक छाँटिए

(क) आह! मैं बरबाद हो गया।

उत्तर: आह!

(ख) बाप रे! यह दीवार तो ढह गई।

उत्तर: बाप रे!

(ग) बहुत अच्छे! तुमने तो कमाल कर दिया।

उत्तर: बहुत अच्छे!

(घ) अरे! तुम तो बहुत मोटे हो गए हो।

उत्तर: अरे!

प्रश्न 9. रेखांकित शब्दों के सामने उसके शब्द भेद लिखिए

(क) तुम्हारे मकान के सामने किसका पेड़ है?

उत्तर: संबंधबोधक

(ख) मैंने उसे बहुत बुलाया, परंतु वह नहीं आया।

उत्तर: समुच्चयबोधक

(ग) हमारे कार्यालय के बाहर चाय की दुकान है।

उत्तर: संबंधबोधक

(घ) मैंने तुम्हें बुलाया क्योंकि राजीव नहीं आया था।

उत्तर: समुच्चयबोधक

प्रश्न 10. रिक्त स्थानों की पूर्ति उचित विस्मयादिबोधक शब्दों से कीजिए

(क) __________ उसका कुत्ता मर गया।

उत्तर: हाय

(ख) ____________ तुम बहुत अच्छा खेले ।

उत्तर: शाबाश

(ग) _______ यहाँ कितनी गंदगी है।

उत्तर: छि

(घ) __________ तुम यहाँ कैसे?

उत्तर: अरे

प्रश्न 11. निम्नलिखित कथनों में सही कथन के सामने सही (✓) और गलत कथन के सामने गलत (✕) का निशान लगाइए

(क) मेरा मित्र अंदर बैठा है।’ रेखांकित अंश संबंधबोधक है।

उत्तर: ✕

(ख) बादल घिर आए और मोर बोलने लगे। रेखांकित अंश क्रियाविशेषण है।

उत्तर: ✕

(ग) शाबाश! क्या शतक लगाया है। रेखांकित अंश विस्मयादिबोधक है।

उत्तर: ✓

(घ) हाथी बहुत खाता है। परिमाणवाचक क्रियाविशेषण का उदाहरण है।

उत्तर: ✓

 

Leave a Comment