NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 14 वाच्य Question And Answers

NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 14 वाच्य Question And Answers

NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 14 वाच्य 14.1 वाच्य का अर्थ एवं परिभाषा

वाच्य का अर्थ होता है— बोलने का विषय क्रिया के जिस रूप से यह बोध हो कि वाक्य में कर्ता, कर्म या भाव में से किसकी प्रधानता है, उसे वाच्य कहते हैं; जैसे-

  • वह खेत जोतता है।
  • उससे खेत जोता जाता है।
  • उसके द्वारा खेत जोता जाता है।

वाच्य के भेद

1. कर्तृवाच्य

जिस वाक्य में कर्ता प्रधान होता है और क्रिया का प्रयोग कर्ता के अनुसार होता है, उसे कर्तृवाच्य कहते हैं; जैसे-

  • शारदा किताब पढ़ रही है।
  • मैंने पानी पी लिया।

यदि कर्ता के साथ ‘ने’ कारक चिह्न आ जाए, तो क्रिया कर्म के अनुसार आती है, परंतु फिर भी वाक्य में कर्ता की ही प्रधानता रहती है। इसलिए ऐसे वाक्य भी कर्तृवाच्य ही होते हैं; जैसे-

  • राधा ने गीत गाया।
  • राधा ने एक कहानी लिखी।

Read and Learn More Class 6 Hindi Question and Answers

2. कर्मवाच्य

जिस वाक्य में क्रिया का प्रयोग कर्म के अनुसार होता है तथा कर्म प्रधान होता है, उसे कर्मवाच्य कहते हैं। कर्मवाच्य में क्रिया का लिंग, वचन व पुरुष कर्म के अनुसार होते हैं।

इसमें कर्ता का लोप हो जाता है या कर्ता के बाद ‘से’ अथवा ‘के द्वारा’ का प्रयोग किया जाता है। कर्मवाच्य वाले वाक्यों में मुख्यतः सकर्मक क्रिया का प्रयोग होता है; जैसे-

  • मेरे से क्रिकेट खेला गया।
  • रानी द्वारा नदी में स्नान किया गया।

3. भाववाच्य

जिस वाक्य में कर्ता या कर्म प्रधान न होकर भाव की प्रधानता होती है, उसे भाववाच्य कहते हैं। ऐसे वाक्यों में क्रिया अकर्मक, पुल्लिंग, सदैव एकवचन तथा अन्य पुरुष में होती है; जैसे-

  • मुझसे चला नहीं जाता।
  • मदन से सोया नहीं जाता।

वाच्य परिवर्तन

कर्तृवाच्य से कर्मवाच्य बनाना कर्तृवाच्य से कर्मवाच्य बनाते समय निम्नलिखित बातों का ध्यान रखना चाहिए

  • कर्तृवाच्य की मुख्य क्रिया को सामान्य भूतकाल में परिवर्तित करना चाहिए।
  • कर्ता के साथ ‘से’, ‘द्वारा’ या ‘के द्वारा लगाना चाहिए।
  • क्रिया के परिवर्तित रूप के साथ-साथ काल, पुरुष, वचन तथा लिंग के अनुसार ‘जा’ क्रिया का रूप जोड़ना चाहिए।
  • यदि कर्म के साथ विभक्ति ( को ) लगी हो तो उसे हटा देना चाहिए।

कर्तृवाच्य

गोपाल पतंग उड़ाता है।
सुनीता पत्र लिखती है।
कृष्ण व्यापार करता है।
रमन सफाई करता है।
प्रकाश अंगूर खाता है।

कर्मवाच्य

गोपाल द्वारा पतंग उड़ाई जाती है।
सुनीता द्वारा पत्र लिखा जाता है।
कृष्ण के द्वारा व्यापार किया जाता है।
रमन द्वारा सफाई की जाती है।
प्रकाश से अंगूर खाए जाते हैं।

कर्तृवाच्य से भाववाच्य बनाना कर्तृवाच्य से भाववाच्य बनाने के लिए निम्नलिखित बातों को ध्यान में रखा जाना चाहिए

  • कर्ता के साथ ‘से’ या ‘के द्वारा’ का प्रयोग करें।
  • मुख्य क्रिया, को सामान्य भूतकाल की क्रिया के एकवचन में बदलकर उसके साथ ‘जाता’ लगाएँ।
  • धातु (मूल क्रिया) के एकवचन, पुल्लिंग, अन्य पुरुष का वही काल लगाएँ, जो कर्तृवाच्य की क्रिया का है।

कर्तृवाच्य

गोविंद हँसता है।
रवि रोता है।
सीता नहीं सोती ।
रेखा नहीं कूदती ।

भाववाच्य

गोविंद से हँसा जाता है
रवि से रोया जाता है
सीता से सोया नहीं जाता।
रेखा के द्वारा कूदा नहीं जाता।

NCERT Class 6 Hindi खंड ‘ख’ व्याकरण अध्याय 14 वाच्य अभ्यास प्रश्न (बहुविकल्पीय व वर्णनात्मक प्रश्नों सहित)

प्रश्न 1. निम्नलिखित प्रश्नों के दिए गए विकल्पों में से सही विकल्प छाँटिए

1. वाच्य के कितने भेद होते हैं?

(क) दो
(ख) तीन
(ग) चार
(घ) पाँच

उत्तर: (ख) तीन

2. किस वाच्य में कर्ता की प्रधानता होती है?

(क) कर्तृवाच्य
(ख) भाववाच्य
(ग) कर्मवाच्य
(घ) ये सभी

उत्तर: (क) कर्तृवाच्य

3. ‘मदन से सोया नहीं जाता’ में कौन-सा वाच्य है?

(क) कर्तृवाच्य
(ख) भाववाच्य
(ग) कर्मवाच्य
(घ) ये सभी

उत्तर: (ख) भाववाच्य

4. मैंने पानी पी लिया।

(क) कर्मवाच्य
(ख) कर्तृवाच्य
(ग) भाववाच्य
(घ) ये सभी

उत्तर: (ख) कर्तृवाच्य

5. कर्तृवाच्य में क्रिया किसके अनुसार आती है?

(क) कर्म के
(ख) क्रिया के
(ग) कर्ता के
(घ) इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (ग) कर्ता के

6. कर्मवाच्य में प्रयुक्त क्रिया का प्रयोग” __________ “के लिंग, वचन के अनुसार होता है।

(क) कर्ता
(ख) कर्म
(ग) भाव
(घ) ये सभी

उत्तर: (ख) कर्म

7. भाववाच्य की क्रिया होती है

(क) एकवचन
(ख) अन्य पुरूष
(ग) पुल्लिंग
(घ) ये सभी

उत्तर: (घ) ये सभी

8. ‘चलो, घूमने चला जाए’ वाक्य का वाच्य है

(क) कर्त्तवाच्य
(ख) कर्मवाच्य
(ग) भाववाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं

उत्तर: (ग) भाववाच्य

9. भाववाच्य युक्त वाक्य किस विकल्प में है?

(क) राम पत्र लिखता है।
(ख) राम के द्वारा पत्र लिखा जाता है।
(ग) माँ से चला नहीं जाता।
(घ) दादा जी अखबार पढ़ते हैं।

उत्तर: (ग) माँ से चला नहीं जाता।

10. कर्मवाच्य बनाते समय कर्ता के बाद ____________ जोड़ देना चाहिए।

(क) से
(ख) में पर
(ग) पर द्वारा
(घ) ‘क’ और ‘ग’ दोनों

उत्तर: (क) से

प्रश्न 2. दिए गए वाक्यों में सही वाच्य परिवर्तन का चयन कीजिए

कर्तृवाच्य

1. (क) शेर द्वारा दहाड़ा जाता है।
(ख) विद्या अब घर ही पढ़ती है।
(ग) रमा से दौड़ा नहीं जाता।

2. (क) रीना पत्र पढ़ती है।
(ख) अनु द्वारा स्वेटर बुना गया।
(ग) माही से लिखा नहीं गया।

3. (क) हिरण से भागा गया।
(ख) आओ, अब खेला जाए।
(ग) नेहा कल अपनी सहेली से मिलने गई।.

उत्तर:

कर्तृवाच्य – 1-ग, 2-क, 3-ख

कर्मवाच्य

1. (क) उन्होंने मुझे यह बात अब तक नहीं बताई।
(ख) अनीता से खाया नहीं जाता।
(ग) मोहन द्वारा कहानी पढ़ी गई।

2. (क) अनुज द्वारा खेत जोता जाता है।
(ख) चिड़िया से उड़ा नहीं जाता।
(ग) नीना अक्षय से प्रेम करती है।

3. (क) अक्षित पढ़ता नहीं है।
(ख) मोहन द्वारा नजीबाबाद जाया जाता है।
(ग) उनसे अब सहन नहीं होता।

उत्तर:

कर्मवाच्य – 1-(ख), 2-(क), 3-(ग)

भाववाच्य

1. (क) मुझसे पढ़ा नहीं जाता।
(ख) मेरे द्वारा पढ़ा नहीं जाता।
(ग) मैं पढ़ता नहीं हूँ।

2. (क) उन्होंने एक कहानी लिखी।
(ख) उनसे एक कहानी लिखी गई।
(ग) उनके द्वारा एक कहानी लिखी गई।

3.(क) आओ, अब दौड़ा जाए।
(ख) आओ, अब दौड़ते हैं।
(ग) आओ, हमारे द्वारा दौड़ा जाए।

उत्तर:

भाववाच्य – 1-क, 2-ख, 3-क

प्रश्न 3. सही कथन के सामने सही (✓) और गलत कथन के सामने (✕) गलत का चिह्न लगाइए

(क) जहाँ कर्ता या कर्म की नहीं क्रिया के अर्थ की प्रधानता होती है, कर्मवाच्य कहलाता है।

उत्तर: ✕

(ख) कर्मवाच्य में सकर्मक क्रिया का प्रयोग होता है।

उत्तर: ✓

(ग) भाववाच्य में क्रिया अन्य पुरुष में होती है।

उत्तर: ✓

(घ) कर्मवाच्य बनाते समय ‘से’ या ‘के द्वारा हटा दिया जाता है।

उत्तर: ✕

(ङ) मुझसे बैठा नहीं जाता। कर्तृवाच्य वाक्य है।

उत्तर: ✕

प्रश्न 4. नीचे दिए गए वाक्यों के वाच्य

(क) मीना पुस्तक लिखती है।
(ख) रवि खेल रहा है।
(ग) सीता द्वारा गाना गाया जाता है।
(घ) बंदर से केले खाए जाते हैं।
(ङ) रेखा से चला नहीं जाता।
(च) निधि से काम नहीं किया जाता।

उत्तर:

(क) कर्तृवाच्य
(ख) कर्तृवाच्य
(ग) कर्मवाच्य
(घ) कर्मवाच्य
(ङ) भाववाच्य
(च) भाववाच्य

प्रश्न 5. कर्तृवाच्य में बदलिए

(क) उससे भागा नहीं जाता।
(ख) कमला से लिखा नहीं जाता।
(ग) किसानों द्वारा फूल उगाए जाते हैं।
(घ) रेशमा से किताब पढ़ी जा सकती है।
(ङ) लड़के द्वारा पुस्तक खरीदी जा रही थी।
(च) माली द्वारा फूल तोड़े गए।

उत्तर:

(क) वह भागता नहीं है।
(ख) कमला लिखती नहीं है।
(ग) किसान फूल उगाते हैं।
(घ) रेशमा किताब पढ़ सकती है।
(ङ) लड़का पुस्तक खरीद रहा था।
(च) माली ने फूल तोड़े।

प्रश्न 6. कर्मवाच्य में बदलिए

(क) हम अब बाजार जाएँगे।
(ख) गीता खाना बनाती है।
(ग) अनीता ने बिस्कुट खाए ।
(घ) गार्गी ने शास्त्रार्थ किया।
(ङ) विधु ने एक निबंध लिखा।

उत्तर:

(क) हमारे द्वारा अब बाजार जाया जाएगा।
(ख) गीता द्वारा खाना बनाया जाता है।
(ग) अनीता द्वारा बिस्कुट खाए गए।
(घ) गार्गी द्वारा शास्त्रार्थ किया गया।
(ङ) विधु द्वारा एक निबंध लिखा गया।

प्रश्न 7. दिए गए वाक्यों को कोष्ठक में दिए निर्देशानुसार बदलिए

(क) राधा पत्र लिखती है। (कर्मवाच्य)
(ख) मनु नाचती है। (भाववाच्य )
(ग) दिव्या भोजन बनाती है। (कर्मवाच्य)
(घ) मुझसे सोया नहीं जाता। ( कर्तृवाच्य )
(ङ) अनु के द्वारा एक उपन्यास लिखा गया। ( कर्तृवाच्य )

उत्तर:

(क) राधा द्वारा पत्र लिखा जाता है।
(ख) मनु से नाचा जाता है।
(ग) दिव्या द्वारा भोजन बनाया जाता है।
(घ) मैं सोती नहीं हूँ।
(ङ) अनु ने एक उपन्यास लिखा।

 

Leave a Comment